Thursday, July 31, 2008

वो गरीब पुलिसवाला...


जिस मकान में हम लोग रह रहे है, वहां सामने के बहुमंजिला मकान में तीसरे माले पर एक परिवार है. निम्न मध्यम वर्गीय परिवार, दो बेरोजगार बेटे, एक आलसी सी अधेड़ माँ और एक ५० साल का पुलिसवाला. चौंक गये न. जी हां पुलिसवाला. दो बेरोजगार बेटो का बाप और पुलिस वाला. आलसी सी अधेड़ बीवी का पति और वो भी दिल्ली की पुलिस में. फ्लेट्स में तीसरी मंजिल लेने वाला कोई निम्न मध्यम वर्गीय नौकरी पेशा आदमी हो सकता है, पुलिस वाला नही. और पुलिस वाला निम्न मध्यम वर्गीय तो हो ही नही सकता. पुलिस वाला चाहे किसी भी पोस्ट पर हो उच्च वर्गीय ही होगा. ये दिल्ली और भारत के अधिकतर इलाको का अलिखित इतिहास और क़ानून है. यहाँ पुलिसवाले गरीब नही मिलेंगे और जो मिलेंगे हमारे सामने वाले की तरह किसी ब्लॉग में जगह पा लेंगे. बहरहाल मैं कहानी सुना रही हु उस पुलिसवाले की जो हमारे सामने रहता है. सुबह पता नही कब हाथ में डंडा हिलाता हुआ बस स्टाप की तरफ़ निकल जाता है. उसके दोनों बेरोजगार बेटे उसके जाते ही छत पर पतंग उडाने चले जाते है और आलसी सी अधेड़ बीवी ( हमारे पति महाशये ने उनका यही नामकरण किया है) कपड़े सीने के बहाने बालकनी में बैठकर हमारे घर की और ताकती रहेगी. पति को शायद उसकी यह ताकने की कला नही भाती और उससे बहुत चिड़ते हैं.उस घर में दो कमरे हैं. छोटी सी रसोई और एक अदद बालकनी हैं. (अगर ये बालकोनी न होती तो शायद पुलिसवाले की गरीबी से हम और आप अनभिज्ञ रहते. ) घर में बेहद सिंपल फर्नीचर, खाट भी है. कूलर नही है और पंखे की हवा सही तरह से लेने के लिए सब जमीन को ठंडा करके जमीन पर ही सोते है. क्या उसके पास इतने पैसे नही कि जमीन लेकर मकान बना सके. फ्लेट में तो मजबूर लोग रहते है. आखिर कितना गरीब है ये पुलिस वाला. पता नही क्यों ऐसे रहते है. मन में हलचल होती है लेकिन पूछने की हिम्मत नही होती. शाम को जब पुलिसवाला डंडा हिलाता हुआ घर आता है तो भी उसके हाथ आश्चर्यजनक रूप से खाली होते है जो आम तौर पर दूसरे पुलिस वालों के नही होते. उसके बेटे किसी मलाईदार कंपनी में नौकरी क्यों नही करते, बीवी स्मार्ट सी बनकर क्यों नही रहती, घर में शानदार फर्नीचर क्यों नही है. वो अब भी खाट पर बैठकर क्यों खाता है, और वो मोटा तो कतई नही है. बिल्कुल स्लिम ट्रिम. उसके घर पर भी कोई नही आता. ना जी कोई नही, वर्ना पुलिसवालों के घर तो उनकी अबसेन्ट में भी फरियादी आते रहते है. कोई नल ठीक करवा रहा है तो कोई गमले रखवा रहा है, लेकिन यहाँ ऐसा कुछ नही, कल तो पुलिसवाले की बीवी एक पौधा लेने के लिए विक्रेता से लड़ रही थी. आप लोगो की तरह मेरे मन में भी सवाल उठता है कि आख़िर वो पुलिसवाला है तो पुलिसवाले की तरह दिखता क्यों नही है. क्यों रिश्वत से उसका घर भरा नही है. उसके बेटे उसके पुलिसवाला होने के वावजूद बेरोजगार क्यों है. क्या वो अपने पड़ का सदुपयोग करके अपने बेटो को सेट नही करवा सकता. ऐसा है तो क्यों है. क्या उसे सही तरह से घूस नही मिलती या वो घूस नही लेता. क्या वो शरीफ है या देखने का नाटक करता है. क्या उसके बेनामी खाते होंगे. हालाँकि इसी गली मे एक भूतपूर्व थानेदार का भी मकान (आलिशान बंगला और एक बहुमंजिला फ्लेट) है लिकिन उसकी शान बघारने लिए पेज कम पड़ जाएगा, वो फिर कभी. समझ में नही आता की इस पुलिसवाले को क्या परेशानी है. ये अमीर क्यों नही है, ये मोटी तोंदवाला क्यों नही है. इसे रिश्वत खानी नही आती क्या. क्या कोई इसकी मदद करेगा. इसे घूस खानी सिखा दे कोई, तो हम भी शर्म से नही गर्व से कह पाएंगे. की हम पुलिसवाले के घर के सामने रहते है.

Wednesday, July 30, 2008

अरे ये क्या हुआ....

कुछ दिनों पहले शनि देव जी की कृपा से हमारा पैर टूट गया. बच्चे (आठ माह के हो गये हैं हमारे मन) को लेकर सीढ़ी से उतर रहे थे कि उसने छलाँग (कूदने और उछलने में माहिर, शायद सर्कस में करियर बनाएगा.) लगा दी. हम घबरा कर उसे बचाने के चक्कर में अपनी टांग तुडा बैठे और भाई साहब को चोट तो क्या खंरोच तक नही आई. और फिर भी सब उनके बारे में इस तरह चिंता कर रहे थे जैसे उन्हें बहुत चोट लगी हो. खेर हमें अस्पताल ले जाया गया और वहां घोषणा हुई कि पैर में फ्रेक्चर है उफ़ हो गयी सप्ताह भर की छुट्टी. डर के मारे फीवर भी आ गया. दरअसल ये फीवर टांग टूटने के चलते नही आया, ऑफिस की छुट्टी के चक्कर में आया. डॉक्टर ने सप्ताह भर का आराम की हिदायत , प्लास्टर और दो दर्जन गोलियां गिफ्ट में दे दीं. जी तो आया कि उसका पैर तोड़ दू लेकिन फिर मन मसोस लिया.
खेर ये आराम की हिदायत बहुत महँगी और तकलीफदेय रही. घर पर मेहमान आते, हल चाल पूछते, चाय शाई पीते और मुफ्त की सलाह देकर चले जाते. हां जाते हुए मन भाई साहा को पैसे जरूर देकर जाते. टांग हमारी टूटी और मन भाई साहब का बैंक बैलेंस बढ़ रहा था. सास ससुर , जेठ जेठानी, मित्रजन, पड़ोसी माभी आए और गये. हम उन्हें अपने गिरने का सिलसिलेवार और रता रटाया किस्सा सुनाते, पति महाशय चाय बनाते और पिलाते rahate. मेहमान किस्सा सुनते हुए चाय पीते और सलाह देते. अब आराम करो, ज्यादा चलोफिरो नही, फला फला दवाई खाओ, जडी बूटी खाओ हमने भी खाई थी. जल्द ठीक हो गये. तुम भी खाओ. पैर कि मालिश करो, ऐसे बेठो, वैसे बेठो. पति तो नसीहत मिलती, इसे आराम कराओ, बेचारी से काम मत कराना. फिर मन को प्यार करते और उसे पैसे देकर चले जाते. मन को पैसो का मोल तो पता नही लेकिन माँ के सारे दिन पास रहने (कामकाजी हैं न, बच्चा आठ घंटे नानी के पास रहता है. ) पर बहुत खुश नजर आता. कभी टांग पर चढ़ जाता और कभी पेट पर. खेर राम राम करते ८ दिन बीते और हमारा प्लास्टर काटा गया. फिर कच्चा प्लास्टर बाँध कर घर भेज दिया. अब ऑफिस आए तो मानो सहकर्मियों को कोई मजेदार उड़न तश्तरी दिख गयी. सब हंसकर पूछते, अरे ये क्या हुआ, कहाँ से छलांग लगा दी. सीधा सरल बोलना तो शायद पत्रकारों को आता ही नही. सभी को अपने गिरने के किस्सा सुना सुना कर एकता कपुर के धारावाहिक की तरह बोर हो चले थे. ना आने ये प्रोग्राम कब तक चलेगा. कब तक हम सहानभूति बटोरते रहेंगे और कब तक टूटा पैर हमारी लाचारी पर हँसता रहेगा.
अब हम वापिस आ गये है तो लिखने की भी कोशिश करेंगे. (आख़िर पैर टूटा है, हाथ नही). पर फिर भी दर्द करता है (दिमाग नही पैर. ) आप सभी को हमारी नमस्ते.

Thursday, July 17, 2008

बम बम भोले.

सावन का पावन माह आरम्भ हो रहा है. देश के कौने कौने से कांवर लेकर शिव भक्त हरिद्वार के तट पर पहुंचेंगे और गंगा जी से शिव बाबा का जलाभिषेक करेंगे. सावन का महीना वैसे भी शिव पूजा के लिए बेहद उत्तम है. इस मौके पर आपके लिए विशेष पेज. बम बम भोले. जानिए शिव और शिवत्व के बारे में....सावन की महिमा से भी परिचित होने का उत्तम अवसर. http://www.amarujala.com/kanwaryatra07/default.asp

Tuesday, July 15, 2008

उल्लू बनाया आपने...


काफ़ी कम लोग जानते है कि दिल्ली के प्रगति मैदान (जहां हर साल ट्रेड फेयर लगता है) में शाकुंतलम थियेटर हैं जहां हर भाषा की, नई और पुरानी लेकिन बेहतरीन फिल्म दिखाई जाती है. अन्य सिनेमा हॉल कि तरह यहाँ फस्ट सेकंड या थर्ड क्लास की सीटें नही होती. सभी के लिए एक जैसी सीट होती है और फ़िल्म भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की लगती है. टिकट भी औरों की तुलना में काफ़ी कम होते है. यहाँ हमने कई फ़िल्म देखी, पुरानी फिल्मों में अंगूर, नई फिल्मों में दिल है कि मानता नही. राजा हिन्दुस्तानी, बेटा और कई सारी....

उन दिनों हम भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता में डिप्लोमा कर रहे थे. अखबार में देखा तो शाकुंतलम पर टाइटेनिक लगी थी. हम अपने आप को रोक नही पाये और अपने दो साथियों के साथ चल पड़े टाइटेनिक देखने. ये भी पक्का नही था कि टिकट मिलेगा या नही. फिर भी उत्साह था. सो पहुच गये गेट पर. तब अप्पू घर भी हुआ करता था. पहला झटका तब लगा जब पता चला कि टिकट समाप्त. अब क्या करे. फ़िल्म आज ही देखनी थी. साथियों ने कहा कल देख लेना. मन नही माना और वही चक्कर लगाने लगे. ..तभी गेट के अन्दर से लड़के लड़कियों का एक ग्रुप आता दिखाई दिया. वो हँसते और शोर सा मचाते आ रहे थे. बाहर आकर उनमे से एक लड़के ने हमें बैचेनी से चक्कर काटते देखा और पूछा 'क्या हुआ, टिकट नही मिला' हमने ना में सर हिला दिया. उसने कहा, कोई बात नही, हम कुछ लोग यही फ़िल्म देखने आए थे लेकिन अब मूड नही है सो वापस जा रहे है. आपको चाहिए तो हम आपको तीन टिकट दे सकते हैं. इतना कहते ही उन्होंने मेरे हाथ में तीन टिकट थमा दिए. अपनी तो निकल पड़ी ... वाह क्या दिन है, आज तो मज़ा आ गया. ऊपर वाले ने आपको भेज दिया और फ़िल्म का जुगाड़ कर दिया. हमने झट से पर्स से पैसे निकले और उन्हें पकडाने लगे, लेकिन ये क्या! उन्होंने यह कहते हुए पैसे लेने से मना कर दिया कि आप तो हमारी दोस्त की तरह हो और दोस्तों से पैसे क्या लेना. हम क्या बहुत कहे, क्या सच में ऐसे लोग भी हैं.... फ़िर भी हमने कहा.. पैसे तो आपको लेने ही होंगे पर वो देवदूतों कि तरह ना न की रट लगाते रहे. आख़िर में बोले कि चलिए... हमें एक कोल्ड ड्रिंक पिला दीजिये और समझये हो गया हिसाब. हमने पूरे उत्साह से उनको 50 रुपये की कोकोकोला पिलाई और अंदर की ओर चल दिए. उधर वो मण्डली भी अपनी कार की तरफ़ बढ रही थी. हम उनकी मदद से कृतार्थ होकर लगातार खुश होकर उन्हें हाथ हिलाकर बाई बाई कर रहे थे. जैसे ही गेट पर पहुंचकर गार्ड को टिकट दिए वो हंसकर बोला 'अप्पूघर जाओगी क्या मैडम'.

हम चकित और भौचक..... देखा तो तीनो टिकट अप्पू घर के थे. हमारे होश फाख्ता, दिमाग सुन्न, आंखों के आगे अँधेरा सा छा गया. आंखों से आंसू निकल पड़े. ये तो हमें सरे आम बेवकूफ बना गये..उधर हमारी साथी भी रूआसी हो गयी. अब क्या करे. उधर वो मण्डली अभी गाड़ी में बैठ रही थी. पता नही दिमाग ने क्या बत्ती जलाई, हम झट से चिल्लाये पकडो उनको, मेरा पर्स मार लिया. गार्ड झट से चिल्ला कर दौडे...गाड़ी में सवार लोग सकपकाए. गार्ड ने गाड़ी के आगे जाकर गाड़ी रुकवाई और ड्राइवर को कॉलर पकड़ कर बाहर निकाला. तब तक हम भी वहा पहुच चुके थे. गाड़ी में सवार लोग बोल पड़े....हमने पर्स नही चुराया, चाहे तो देख लीजिये. हम तब तक उस मजाक और अपमान का बदला लेने के लिए तत्पर हो चुके थे. हमारे आंसू बह रहे थे और गार्ड हमारे आंसुओं से ज्यादा प्रभावित होकर उन्हें डांट रहे थे. शायद बेवकूफ बनाये जाने का गम था या अपमान का गुस्सा .. हम चीख कर बोले.... पुलिस को फ़ोन लगाओ, पुलिस का नाम आते हो मण्डली को पसीने आ गये. उन में से एक ने कान पकड़ कर कहा प्लीज़ गलती हो गयी, अब ऐसा मजाक किसी के साथ नही करेंगे. लेकिन पुलिस को मत बुलाओ. उन्होंने कोल्ड ड्रिंक के पैसे लौटाए और माफ़ी मांगने लगे. लेकिन हमारे मन में तो अपमान की जो ज्वाला भड़क गयी थी. हमने सरे राह उनसे (लड़कियां नही) उठक बैठक लगवाई और फिर उन्हें जाने दिया.

मन में तो हम अभी तक भौचक थे. दिल धाड़ धाड़ कर रहा था. कोई खुलेआम हमें उल्लू बना गया. बाद में बिना फ़िल्म देखे हम तीनो इस समझौते के साथ घर लौट चले कि इस प्रकरण के बारे में कोई किसी तीसरे को नही बताएगा. आज भी टाइटेनिक फ़िल्म देखकर एक बार वो ही बाद याद आ जाती है. जब भी सिनेमा हाल जाते हैं तो वो घटना मन में तैरने लगती है और बिना इच्छा के मन गाने लगता है उल्लू बनाया आपने.
नोट - सभी पाठकों से निवेदन है कि इस घटना के बारे में किसी को ना बताएं.वरना आगे आपको ऐसी सामग्री पड़ने को नही मिलेगी. वैसे कई किस्से है जब हम बेवकूफ बने.

'हम आपके हैं कौन'


बात उन दिनों की है जब हम कॉलेज से बंक मार कर फ़िल्म देखने जाया करते थे. 'हम आपके हैं कौन' फ़िल्म मैंने फस्ट इयर में ऐसे ही 9 बार देख ली थी. उसमे माधुरी और सलमान का प्यार और फ़िल्म में शादी ब्याह का माहौल मुझे रोमांचित कर जाता था. वैसे भी शादी की थीम की फिल्म पहले कम ही आई थी. तो हम सारी लड़कियां मिल कर दूसरे पीरिअड में ही निकल जाया करते थे. घर में बस के किराये के लिए जो पैसे मिलते थे उनसे ही फ़िल्म देखी जाती थी. रोज के 20 रुपए मिलते थे और हम कोशिश करते थी कि हे भगवान् आज यू स्पेशल बस आ जाए तो किराया बच जाए. ऐसे ही किराया बचा बचा कर मैंने 9 बार फ़िल्म देख डाली. हमारा कॉलेज (विवेकानंद कॉलेज) दिल्ही के एक कोने में था और लगभग सभी सिनेमा हाल कनाट प्लेस में थे. सो हमारा गैंग स्टाफ बस में स्टाफ चलाकर (अकेले हिम्मत नही होती थी) कनाट प्लेस पहुँचता और फिर पैदल पैदल सभी हॉल चेक किए जाते. जहा टिकेट मिल जाता वही पर जम जाते. करीब नौ या दस लड़किया होती थी. बाहर किसी को भी एक दूसरे का नाम लेकर पुकारने की मनाही थी. सो हम एक दूसरे को अनु मनु तनु, पिया जिया, टिया जैसे नामों से पुकारते थे. उस दिन भी हम चले ये फ़िल्म १० वी बार देखने. चल तो पड़े मगर पता नही क्यों आज दिल धड़क रहा था लग रहा रहा कि आज ना कर दूँ.. लेकिन सब ने जोर दिया तो चल पड़े. रीगल पर टिकेट मिल गया. पूरा ग्रुप हो हल्ला करते हुए घुस गया. फ़िल्म शुरू हो चुकी थी. सलमान का चेहरा फ़िर मन लुभा रहा था. उसका बड़ा घर, चुलबुला अंदाज़ कह रहा था बस ऐसा ही जीवनसाथी मिल जाए मुझे भी, तो मज़ा आ जाए. माधुरी आई तो उसके स्टाइल, और कपड़ो ने मोहित कर लिया. सोचा हेरोइनो के तो मजे होते है. बस रोज ही मेकयेप और मंहगे कपड़े, शानदार गाडिया. ये सब सोचते सोचते इंटरवल हो गया. जैसे ही लाइट जली तो आगे की सीटो पर नज़र गयी और होश उड़ गये . वहां पापा बैठे थे, अपने सरदार दोस्त के साथ. दोनों का मुंह आगे कि ओर tha. मेंरे तो पसीने छूट गये. अब क्या करू. साथ में बैठी सीमा को बताया तो उसने कहा, फ़िल्म का नाच गाना देख और जब हिरोइन की बहन मरे तो उठकर चल देंगे. उसके बाद तो रोना पीटना मचता है न. और वैसे भी तू रोने लगती है, ऐसे सीन पर. सारे गैंग को कोड वर्ड में समझा दिया गया की आज फ़िल्म बहन के मरने के साथ ही ख़तम कर देनी है. पापा का डर इस कदर बैठा कि मैं इंटरवल के दौरान टॉयलेट भी नही जा पाई. दम साधे सामने देखती रही. जब हॉल का सुरक्ष्कर्मी कही लाइट लाइट मारता तो मैं मुंह नीचे कर लेती. क्या पता पापा कब पीछे देख लें. खैर हीरोंइन की बहन मरी और हम धीरे धीरे निकलने लगे. कुछ शरारती टाइप के लडके चिल्ला पड़े, अरे कहां जा रही है ये टोली, माधुरी की शादी तो देखती जाओ. बाहर पहुंचे तो सिर भारी हो रहा था. लगा जैसे पापा कही पीछे से आ गये तो. घर पहंची तो माँ ने कहा तबियत खराब है क्या. हमने कहा, आज बड़ीi देर तक पड़ती रही ना, सिर में दर्द है. झटपट खाना खाया और बिस्तर में घुस गये. पापा २ घंटे बाद आए. खुश थे ओर उसी फ़िल्म का गाना गा रहे थे. माँ से कहा आज लौटते हुए रीगल से 'हम आपके हैं कौन ' के चार टिकेट ले आया हूँ. कल सब चलेंगे. फ़िल्म देखने.